दहेज की खुन्नस में पति ने पत्नी का अश्लील वीडियो किया वायरल, ‘पॉपुलर’ बनने की सनक में उजाड़ी जिंदगी

रीवा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक पति ने अपनी ही पत्नी का निजी वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया और अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड कर दिया। इतना ही नहीं, वीडियो रिश्तेदारों तक भी भेजा गया। पुलिस ने आरोपी शिवम साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
दहेज से शुरू हुई दरिंदगी
पीड़िता के अनुसार, 10 मई 2025 को विवाह के बाद से ही आरोपी दहेज के लिए दबाव बना रहा था। शादी के समय 3 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें 2 लाख रुपये दिए गए। बाकी रकम न मिलने पर आरोपी ने पत्नी को बदनाम करने की धमकी दी और 13 मिनट 14 सेकंड का निजी वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया। यह सिर्फ एक आपराधिक कृत्य नहीं, बल्कि एक महिला की गरिमा और विश्वास पर क्रूर हमला है।
‘स्टार’ बनने की सनक में हैवानियत
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अश्लील साइट्स देखने का आदी था और खुद को ‘स्टार’ बनाना चाहता था। पत्नी के विरोध के बावजूद उसने वीडियो अपलोड किया और पूछताछ में कबूल किया कि उसने यह जानबूझकर किया है। उसे अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है।
हथियार लेकर ससुराल पहुंचा
वीडियो वायरल करने के बाद आरोपी मुंबई भाग गया था, लेकिन 12 फरवरी को वह मऊगंज जिले के तिलैया गांव स्थित ससुराल पहुंचा और धारदार हथियार लेकर परिवार को धमकाने लगा। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का सख्त रुख
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। दहेज प्रताड़ना, आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।




