प्रतिबंध के बावजूद बिक रहा चाइनीज मांझा, गले में फंसने से युवक गंभीर रूप से घायल

सतना। शहर में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार शाम कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कृपालपुर निवासी दुर्गेश केवट (27 वर्ष), पिता गया प्रसाद पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हवा में लहराता हुआ एक कटी पतंग का चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। अचानक हुई इस घटना से घबराकर युवक ने मांझा हटाने का प्रयास किया, जिससे उसका गला गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का गला कटने से बाल-बाल बचा।
घटना के बाद पुलिस की छापेमारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीएसपी डीपी सिंह चौहान के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित मेन मार्केट की कई जनरल स्टोरों पर छापेमारी की गई। कोतवाली समेत अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड स्थित गुरुनानक जनरल स्टोर से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया है।
एसडीएम के आदेश के बावजूद चोरी-छिपे बिक्री
जनसुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया द्वारा चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय और उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इसका उल्लंघन दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने सुरक्षित पतंगबाजी के लिए केवल सूती धागे से बने सादे मांझे के उपयोग की अपील की है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार चंद मुनाफे के लालच में चोरी-छिपे प्रतिबंधित मांझे की बिक्री कर रहे हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में पड़ रही है। बताया जा रहा है कि शहर में यह अपने किस्म की पहली गंभीर घटना है।
क्यों जानलेवा होता है चाइनीज मांझा
विशेषज्ञों के अनुसार चाइनीज मांझा नायलॉन, प्लास्टिक या अन्य सिंथेटिक सामग्री से बनाया जाता है। इसमें कांच, लोहे और अन्य धातुओं के चूरे का लेप होता है। पतंगबाजी के दौरान यदि यह मांझा किसी राहगीर, दोपहिया वाहन चालक या पक्षी के संपर्क में आ जाए तो गंभीर चोट पहुंचा सकता है। इससे गंभीर घाव, टिटनेस और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है।




