पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक शक्ति बन रहा

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात के दुबई यात्रा पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यूएई पहुंचने पर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि भारत जिस तरह दुनिया के देशों के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ कर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि व्यापार वाणिज्य और उद्योग के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश कदम से कदम मिलाकर इस क्षेत्र में कार्य करेगा।
वैश्विक स्तर पर निवेश की संभावनाओं को साकार करने के लिए मैं मध्यप्रदेश से यूएई के दौरे पर आया हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक शक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी यूएई यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी। दुबई दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इसमें करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारा देश एक पारदर्शी, सरलीकृत व्यवस्था के साथ शुचिता के बल पर व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। राज्यों के बीच भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। यह स्वर्णिम काल है। पीएम मोदी के नेतृत्व में विभिन्न देशों के साथ व्यापार, वाणिज्य की गतिविधियों में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निवेश के प्रयासों में मध्यप्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। आज मध्यप्रदेश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में ही 76 हजार करोड़ रुपए का निर्यात मध्यप्रदेश से हुआ है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि लॉजिस्टिक्स, माइनिंग, एग्रीकल्चर, रियल एस्टेट सहित हर क्षेत्र में निवेश आए, व्यापार बढ़े और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों। निश्चित ही यूएई और मध्यप्रदेश के बीच व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई मिलेगी और निवेशक मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल एआईएम कांग्रेस-2026 में सहभागिता करेगा। मुख्यमंत्री की यह यात्रा मध्यप्रदेश के वैश्विक निवेश संपर्कों को सुदृढ़ करने, अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष राज्य की आर्थिक एवं औद्योगिक क्षमताओं को प्रस्तुत करने और नई निवेश साझेदारियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
औद्योगिक सहयोग के अवसर बढ़ेंगे
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी स्थापित करना है। प्रदेश में निवेश के माध्यम से उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दुबई यात्रा से मध्यप्रदेश की वैश्विक पहचान को और मजबूती मिलने तथा अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ नए आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग के अवसर बढ़ेंगे। यह यात्रा आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
वैश्विक कॉर्पोरेट समूहों के साथ वन-टू-वन चर्चा
मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह, वैश्विक नेतृत्व से जुड़े कार्यक्रमों तथा विभिन्न निवेश और व्यावसायिक बैठकों में सहभागिता करेंगे। डॉ. यादव मध्यप्रदेश मंडप का अवलोकन भी करेंगे और वैश्विक कॉर्पोरेट समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
8 को ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश: इंटरएक्टिव सेशन’
सीएम की मेजबानी में बिजनेस लीडर्स लंच तथा निवेशकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। 8 सितंबर को ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश : इंटरएक्टिव सेशन’ के माध्यम से चुनिंदा वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और विभिन्न उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।




