रीवा: बीयर बार में देर रात फायरिंग, कर्मचारी को लगी दो गोलियां, हालत नाजुक
रीवा में कानून-व्यवस्था पर सवाल, बीयर बार में कर्मचारी को मारी दो गोलियां

रीवा। रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एल.बी. सिंह बीयर बार में देर रात करीब 12 बजे फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में बार में कार्यरत कर्मचारी जमुना सिंह बघेल को आरोपी ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां उन्हें लगी हैं। गंभीर रूप से घायल जमुना सिंह को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीयर बार के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से बार में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घायल जमुना सिंह बघेल नाइट क्लब में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। जानकारी के मुताबिक उनकी पत्नी पूजा सिंह, संजय गांधी अस्पताल में गार्ड के पद पर पदस्थ हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, फायरिंग के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




