सिटी कोतवाली क्षेत्र में चाकूबाजी, एक युवक गंभीर
गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा महंगा, दोस्त बीच-बचाव में घायल

सतना। सतना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेन मार्केट स्थित पन्नीलाल चौक में रविवार देर रात करीब 11 बजे दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हमले में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरा युवक घायल हुआ है। घायल युवक की पहचान विक्की वर्मा के रूप में हुई है। उसे पेट के ऊपरी हिस्से में चाकू मारा गया, जिससे उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। विक्की को उसके दोस्त जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया।
बीच-बचाव में दोस्त भी घायल
घटना के दौरान विक्की को बचाने आए उसके दोस्त शिवांश के हाथ में भी चाकू लग गया। शिवांश को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
गाली-गलौज का विरोध बना हमले की वजह
घायल शिवांश ने पुलिस को बताया कि वह विक्की और एक अन्य दोस्त के साथ सौखी लस्सी वाले के सामने स्थित पार्किंग में कार लेने गया था। उसी समय पास की पान दुकान पर मौजूद ईश्वर बाल्मीक अपने साथियों के साथ गाली-गलौज कर रहा था। जब विक्की ने गाली देने का कारण पूछा, तो आरोपी ईश्वर बाल्मीक और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने विक्की के पेट पर वार किया और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में विक्की वहीं गिर पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे। पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।




