प्राचीन खेरमाई मंदिर में चोरी, 2 किलो चांदी के तीन छत्र ले उड़े चोर

सतना। शहर के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र खेरमाई मंदिर में सोमवार–मंगलवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश मंदिर से 2 किलोग्राम चांदी के तीन छत्र चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदिर के पांच ताले तोड़े। मुख्य द्वार का ताला न टूटने पर बदमाशों ने दरवाजे के निचले हिस्से को तोड़कर भीतर प्रवेश किया और गर्भगृह में रखे चांदी के तीन छत्र लेकर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पूजा करने पहुंचे भक्तों ने मंदिर के ताले टूटे देखे। उन्होंने तत्काल पुजारी अजय कुमार को सूचना दी, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मंदिर के गेट सहित विभिन्न स्थानों से फिंगरप्रिंट जुटाए, हालांकि डॉग स्क्वाड को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस अब मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जगतदेव तालाब स्थित मंदिर में भी चोरी और ताला तोड़ने की कोशिश की घटना सामने आई थी। 11 जनवरी की रात करीब 2:05 बजे दो संदिग्ध युवक बाइक से मंदिर परिसर पहुंचे थे और करीब 2:31 बजे खेरमाई रोड की ओर रवाना हुए थे। उस घटना के बाद भी मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया गया था। लगातार हो रही मंदिरों में चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में रोष है और उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




