208 परीक्षार्थियों ने बनाई दूरी, 17,218 छात्रों ने अंग्रेजी का प्रश्नपत्र हल किया, सतना-मैहर में 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू
Written by:Shatrughan singh Published: 10 February 2026 at 15: 41 IST

सतना। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से सतना-मैहर जिले में शुरू हो गईं। पहले दिन हायर सेकेंड्ररी के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। इस वर्ष सतना-मैहर जिले में कुल 17,426 छात्र 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सतना जिले में 98 और मैहर जिले में 28 केंद्र शामिल हैं। पहले दिन 17,218 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 208 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सतना 104 अनुपस्थित, मैहर 52 शामिल नहीं हुए
सतना जिले में कुल 12,796 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 12,632 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 104 छात्र अनुपस्थित पाए गए।
वहीं मैहर जिले में 4,630 छात्र दर्ज थे, जिनमें से 4,586 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 52 छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
पेपर रहा संतुलित- अंग्रेजी का प्रश्न पत्र हल कर परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र मध्यम स्तर का और संतुलित रहा। अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम पर आधारित थे, जिससे छात्रों को कठिनाई नहीं हुई।
नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम- नकल और अनुचित साधनों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
प्रश्न-पत्रों को थानों से निकालने की प्रक्रिया से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तक वीडियोग्राफी कराई गई। इसके साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड और उड़नदस्ते लगातार सक्रिय रहे।
तीसरी आंख’ से निगरानी- माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सतना-मैहर जिले के चयनित 10 परीक्षा केंद्रों (सतना के 5 और मैहर के 5) पर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सीधी मॉनिटरिंग भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जा रही है।
परीक्षा समय और तिथियां- परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। विद्यार्थियों को सुबह 8:45 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। हायर सेकेंड्ररी की परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च तक चलेंगी, जबकि हाई स्कूल की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। शिक्षा मंडल ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां नोटिस बोर्ड, मॉर्निंग असेंबली और अभिभावक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समय पर छात्रों तक पहुंचाई जाएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी को भ्रम की स्थिति न रहे।



