शिक्षा

बोर्ड परीक्षा में ‘स्टेटस कांड’ अंग्रेजी का प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर, नकल की कोशिश बेनकाब; शिक्षिका सस्पेंड, केंद्राध्यक्ष हटे

बोर्ड परीक्षा—जहां एक-एक मिनट और एक-एक नियम मायने रखता है। लेकिन बुरहानपुर में 10वीं अंग्रेजी का पेपर शुरू होते ही सवालों की तस्वीर ‘स्टेटस’ पर नजर आई। परीक्षा कक्ष से सोशल मीडिया तक पहुंचे प्रश्नपत्र ने न सिर्फ नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि व्यवस्था की सतर्कता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
मामला तुकईथड़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का है। जानकारी के अनुसार, सुबह 9:35 बजे प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी के व्हाट्सएप स्टेटस पर अंग्रेजी प्रश्नपत्र की फोटो देखी गई। जांच में सामने आया कि सुबह 9:06 बजे उन्होंने एक अनुपस्थित छात्र की टेबल से प्रश्नपत्र की तस्वीर खींची थी।

 नकल के लिए खींची गई थी फोटो
पूछताछ में शिक्षिका ने स्वीकार किया कि फोटो किसी अन्य व्यक्ति को भेजी गई थी, ताकि प्रश्नपत्र हल कर नकल में इस्तेमाल किया जा सके। बताया जा रहा है कि प्रश्नपत्र के सभी पन्नों की तस्वीरें ली गई थीं। सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्ष सिंह और जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका को निलंबित कर दिया, जबकि केंद्राध्यक्ष को भी बदल दिया गया।

 ‘पेपर लीक’ से इनकार
प्रशासन का कहना है कि 109 विद्यार्थियों को सुबह 8:40 बजे तक प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्नपत्र नियत समय पर बांटे गए थे। चूंकि फोटो परीक्षा शुरू होने के बाद पोस्ट की गई, इसलिए आधिकारिक तौर पर इसे ‘पेपर लीक’ नहीं माना जा रहा है। परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराई गई। अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान ने नियमों के उल्लंघन और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस पूछताछ जारी है और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।


 बड़ा सवाल
भले ही प्रशासन तकनीकी आधार पर ‘लीक’ से इनकार कर रहा हो, लेकिन परीक्षा कक्ष से प्रश्नपत्र की फोटो बाहर जाना क्या कम गंभीर है?
बोर्ड परीक्षा में भरोसा ही सबसे बड़ा अनुशासन है—और जब वही डगमगाता है, तो सिर्फ एक स्टेटस नहीं, पूरी व्यवस्था कटघरे में खड़ी दिखती है।

Related Articles

Back to top button
Close