शिक्षा

10वीं बोर्ड परीक्षा : 25,692 छात्रों ने हल किया अंग्रेजी का पेपर, 180 रहे अनुपस्थित

माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से जारी है। मंगलवार को हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। सतना और मैहर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कहीं से भी नकल या अनुचित साधनों के उपयोग की सूचना नहीं मिली। इस वर्ष सतना-मैहर जिले में कुल 25,872 विद्यार्थी 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। जिले में कुल 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सतना जिले में 98 और मैहर जिले में 28 केंद्र शामिल हैं। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में दोनों जिलों से 25,692 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि 180 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने व्यंकट क्रमांक-2 परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 जिलेवार आंकड़े
सतना जिले में 17,906 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 17,865 ने परीक्षा दी, जबकि 41 अनुपस्थित रहे।
मैहर जिले में 7,966 छात्र पंजीकृत थे। इनमें 7,827 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 139 अनुपस्थित रहे।

 प्रश्नपत्र संतुलित रहा
परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी का प्रश्नपत्र मध्यम स्तर का और संतुलित था। अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित रहे, जिससे छात्रों को विशेष कठिनाई नहीं हुई।

नकल रोकने के सख्त इंतजाम
नकल पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रश्नपत्रों को थानों से निकालने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। फ्लाइंग स्क्वॉड और उड़नदस्ते लगातार सक्रिय रहे।

 ‘तीसरी आंख’ से निगरानी
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा चयनित 10 परीक्षा केंद्रों (सतना के 5 और मैहर के 5) की सीधी निगरानी भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।

 परीक्षा समय
परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। विद्यार्थियों को सुबह 8:45 बजे तक प्रवेश दिया गया। हाई स्कूल की परीक्षाएं 6 मार्च तक और हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 7 मार्च तक जारी रहेंगी। शिक्षा मंडल ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संबंधी जानकारी समय पर विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

Related Articles

Back to top button
Close