धर्म

चित्रकूट प्रवास पर संत ऋतेश्वर महाराज ने दिया संवाद और शांति का संदेश

चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में सोमवार को प्रसिद्ध संत संत ऋतेश्वर महाराज का आगमन हुआ। धारकुण्डी आश्रम के लिए रवाना होने से पूर्व उन्होंने स्थानीय मीडिया से चर्चा करते हुए सामाजिक, धार्मिक और समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। संत ऋतेश्वर महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और प्रशासनिक सख्ती के साथ आध्यात्मिक मूल्यों का समन्वय दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि शासन में दृढ़ इच्छाशक्ति और स्पष्ट नीति से ही भयमुक्त समाज की स्थापना संभव है।

संतों के बीच वैचारिक मतभेदों के प्रश्न पर उन्होंने ‘वादे वादे जायते बोधः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विचार-विमर्श भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग है। मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन संवाद से ही समाधान निकलता है और समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।
अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य, विशेषकर बांग्लादेश की स्थिति पर उन्होंने संतुलित टिप्पणी करते हुए कहा कि वैश्विक समस्याओं का स्थायी समाधान शांति और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है। धार्मिक मान्यताओं पर चर्चा के दौरान उन्होंने खंडित मूर्तियों के विषय में शास्त्रसम्मत और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि धार्मिक आस्थाओं के पालन में मर्यादा और शास्त्रीय विधि का ध्यान रखा जाए। चित्रकूट प्रवास के पश्चात वे धारकुण्डी आश्रम के लिए प्रस्थान करेंगे, जहाँ वे परमहंस स्वामी भगवान सच्चिदानंद महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button
Close