चित्रकूट की मां मंदाकिनी नदी गंदगी से कराहती, नगर परिषद की उदासीनता पर उठे सवाल
Written by:Shatrughan singh Published:10 January 2026 at 16: 42 IST

प्रभु श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में बहने वाली पावन मां मंदाकिनी नदी इन दिनों भीषण गंदगी और सीवर के पानी से दूषित हो रही है। श्रद्धालुओं की आस्था की प्रतीक यह अविरल धारा अब नालों और गंदे सीवर के पानी के कारण पूरी तरह प्रदूषित होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं दिखाई दे रहा।
स्थिति यह है कि चित्रकूट नगर परिषद कार्यालय से महज 200 मीटर की दूरी पर, वार्ड क्रमांक 11 आरोग्य धाम क्षेत्र की बस्तियों का गंदा नाला और सीवर का पानी सीधे मां मंदाकिनी नदी में जा रहा है। इसके चलते नदी का जल पूरी तरह दूषित हो गया है और आसपास बदबू का आलम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के अधिकारी केवल साफ-सफाई के नाम पर फोटो शूट तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल विपरीत है। प्रभु श्रीराम की तपोस्थली में बहती इस पवित्र नदी की दुर्दशा पर जिम्मेदारों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या नगर परिषद के अधिकारी यह गंदा नाला देख नहीं पा रहे, या जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल नालों को बंद कर सीवर ट्रीटमेंट की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि मां मंदाकिनी की पवित्रता और चित्रकूट की धार्मिक गरिमा सुरक्षित रह सके।




