पुलिसकर्मी ने किसान को पाइप से पीटा, वीडियो वायरल
जमीन विवाद में मदद मांगना पड़ा महंगा, ग्रामीणों में आक्रोश

सतना। सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहुटा गांव में जमीन विवाद में मदद मांगने वाले एक किसान के साथ पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। किसान ने डायल 112 पर पुलिस सहायता मांगी थी, लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंचे आरक्षक ने ही उसके साथ गाली-गलौज और पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मदद की जगह मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, रेहुटा गांव निवासी किसान ब्रजमोहन मिश्रा लंबे समय से जमीन विवाद से परेशान थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने न्याय की उम्मीद में डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। आरोप है कि मौके पर पहुंची डायल 112 टीम ने विवाद शांत कराने के बजाय शिकायतकर्ता किसान के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
प्लास्टिक पाइप से पिटाई का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि डायल 112 टीम में शामिल आरक्षक लाल सिंह ने किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किसान की ओर से कोई उकसावे वाली हरकत नहीं की गई थी, इसके बावजूद पुलिसकर्मी मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद किसान को जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया। यह वीडियो लगभग दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे आम जनता का पुलिस पर भरोसा टूट रहा है। लोगों का कहना है कि जब मदद मांगने पर ही पुलिस पिटाई करने लगे, तो आम नागरिक किसके पास जाए।
अब तक नहीं आया आधिकारिक बयान
डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा, जिस पर लोग संकट की घड़ी में निर्भर रहते हैं, उसी सेवा से जुड़े पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायतकर्ता के साथ मारपीट किया जाना बेहद गंभीर मामला है। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




