आरपीएस एकेडमी में कराते का 41वां स्थापना दिवस मनाया गया, जिले में मार्शल आर्ट्स की गौरवशाली यात्रा के 40 वर्ष पूर्ण

सतना। आरपीएस मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी की मुख्य शाखा संडे एकेडमी स्कूल में जिले में मार्शल आर्ट्स के 41वें स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले में मार्शल आर्ट्स की 40 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को याद किया गया। गौरतलब है कि 2 फरवरी 1986 को जिले में मार्शल आर्ट्स के जनक स्वर्गीय शिहान रामायण प्रताप सिंह ने सतना में कराते की नींव रखी थी। कराते से शुरू हुई यह यात्रा आज विभिन्न मार्शल आर्ट्स विधाओं तक पहुंच चुकी है और जिले ने इस क्षेत्र में कई नई उपलब्धियां हासिल की हैं।
सादे एवं भावनात्मक समारोह में सीनियर प्रशिक्षक सेंसाई पदम रंजन मिश्रा एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों द्वारा स्वर्गीय आर.पी. सिंह के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने गीत, नृत्य एवं विविध कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर खिलाड़ियों और अभिभावकों ने स्वर्गीय आर.पी. सिंह एवं एकेडमी से जुड़े अपने अनुभव और विचार साझा किए।
सेंसाई पदम रंजन मिश्रा ने 40 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार दो-चार खिलाड़ियों से शुरू हुआ यह कारवां आज सैकड़ों-हजारों खिलाड़ियों तक पहुंच चुका है।
मुख्य प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सेंसाई अंबुज सिंह ने बताया कि जिला कराते एसोसिएशन एवं आरपीएस एकेडमी द्वारा जिले को लगभग 500 ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी और 50 से अधिक राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी दिए जा चुके हैं। अब तक 34 जिला स्तरीय, 3 राज्य स्तरीय सहित 50 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा चुका है। कई खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कार प्राप्त हुए हैं तथा कुछ खिलाड़ियों को खेल कोटे से सरकारी नौकरी भी मिली है।
उन्होंने बताया कि आज सतना जिला कराते एसोसिएशन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर बालिकाओं की आत्मरक्षा, खिलाड़ियों की फिटनेस और खेल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला कराते एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष स्वर्गीय यशवंत सिंह परिहार के असमय निधन पर शोक श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इस अवसर पर सीनियर ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी मनीष मिश्रा, दिनेश कुमार बर्मन, आदित्य प्रताप सिंह परिहार, अभय सिंह भदोरिया, राणा शमशेर सिंह, ध्रुव त्रिपाठी, वैभवी मिश्रा, अदिति शर्मा, शांभवी मिश्रा, दिशा बारी, दीक्षा खरे, प्रतिष्ठा पांडे, संगिनी सिंह, शालिनी कुशवाहा, आकांक्षा रजक, रिया द्विवेदी, अदिति कुशवाहा, आयुष प्रताप सिंह, आयुष तिवारी, कुशाग्र चौधरी, अच्युत सिंह, दिव्यांश सिंह परिहार, ध्रुव प्रताप सिंह, आकांक्षा वर्मा, आकाश अग्निहोत्री, विक्रम सिंह तोमर सहित लगभग 80 खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





