ताजा ख़बरें

सतना आईएसबीटी  से जल्द शुरू होगा बस संचाल, 31.15 करोड़ की लागत से बना इंटर स्टेट बस टर्मिनल, नोटीफिकेशन की प्रक्रिया तेज

सतना-मैहर में 700 से अधिक बसें पंजीकृत

सतना। सतना-मैहर बाईपास पर 31.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बसों के संचालन की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने आईएसबीटी के नोटीफिकेशन के लिए संभागीय कमिश्नर, रीवा को प्रस्ताव भेज दिया है।

नोटीफिकेशन जारी होने के बाद ही आईएसबीटी से विधिवत बस संचालन शुरू किया जाएगा। प्रस्ताव को संभागीय कमिश्नर कार्यालय से उच्च स्तर पर भेजा जाएगा, जहां से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद प्रक्रिया पूरी होगी।

शहर के भीतर से नहीं गुजरेंगी बसें

नए नोटीफिकेशन में कई बस रूटों में बदलाव किया गया है। उद्देश्य यह है कि बसें शहर के भीतर से गुजरने वाले पुराने हाईवे का उपयोग न करें और सीधे बाईपास मार्ग से आवागमन करें। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले यातायात जाम से राहत मिलेगी।

सेमरिया चौक का पुराना बस स्टैंड होगा बंद

आईएसबीटी से सभी बसों के पूरी तरह स्थानांतरित होने के बाद सेमरिया चौक स्थित पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। वर्तमान में यहां से चित्रकूट और नागौद की ओर जाने वाली बसें शहर के बीच से होकर गुजरती हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

सतना-मैहर में 700 से अधिक बसें पंजीकृत

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अनुसार सतना और मैहर जिले में 700 से अधिक बसें रजिस्टर्ड हैं। रेलवे स्टेशन परिसर से संचालित होने वाली ‘सूत्र बस सेवा’ को भी आईएसबीटी से संचालित करने का प्रस्ताव नोटीफिकेशन में शामिल किया गया है।

पहले भी बदले जा चुके हैं रूट

करीब एक दशक पहले सेमरिया चौक बस स्टैंड से मैहर और अमरपाटन जाने वाली बसों के रूट बदलकर सतना-मैहर बाईपास किए गए थे। इससे पहले ये बसें सिविल लाइन, सिटी कोतवाली और नजीराबाद मार्ग से गुजरती थीं।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि आईएसबीटी से बस संचालन के लिए नोटीफिकेशन का प्रस्ताव संभागीय कमिश्नर कार्यालय भेजा जा चुका है। अधिकारियों को नए बस स्टैंड से संचालन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button
Close