जिंदगी की डोर काट रहा मांझा, मकर संक्रांति से पहले सतना में चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
Written by:Shatrughan singh Published:12 January 2026 at 15: 58 IST

सतना। चाइनीज मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। प्रदेश में इसके कारण रोज़ाना गंभीर हादसे सामने आ रहे हैं। रविवार को इंदौर में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दो लोगों के गले कट गए, जिनमें एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में सर्जरी करानी पड़ी। वहीं छिंदवाड़ा में मांझे से एक बच्चे का कान कटने की घटना सामने आई है।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मकर संक्रांति पर्व से पहले सतना प्रशासन ने जनसुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के मद्देनज़र चाइनीज मांझे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध रविवार से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि चाइनीज मांझे का निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय और उपयोग पूरी तरह से दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पतंगबाजी के दौरान केवल सूती धागे से बने पारंपरिक सादे मांझे का ही उपयोग करें। प्रदेश में बीते कुछ समय से चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। कहीं राहगीरों की गर्दन कट रही है तो कहीं पक्षी और दोपहिया वाहन चालक इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
कांच और लोहे से बना होता है चाइनीज मांझा
चाइनीज मांझा नायलॉन, प्लास्टिक या अन्य सिंथेटिक सामग्री से बनाया जाता है, जिस पर कांच, लोहे व अन्य धातुओं के बारीक चूरे की परत चढ़ाई जाती है। यही कारण है कि यह मांझा इंसानों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। पतंगबाजी के दौरान यह मांझा यदि किसी पक्षी या दोपहिया वाहन चालक के शरीर के किसी हिस्से में फंस जाए तो गंभीर कट लगने के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। पूर्व में कई स्थानों पर राहगीरों की गर्दन तक कटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी का परिचय दें और सुरक्षित व पारंपरिक तरीके से पर्व मनाएं।
इंदौर में गई जान
इंदौर निवासी रघुवीर धाकड़ की रघुवीर टाइल्स नामक कंपनी थी, जिसके माध्यम से वे ठेकेदारी का कार्य करते थे। रविवार को छुट्टी के दिन वह अपनी साइट का निरीक्षण करने गए थे। घर लौटते समय शकुंतला अस्पताल के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान रघुवीर धाकड़ की मौत हो गई।
नीट छात्र का गला कटा
सपना-संगीता रोड पर शाम करीब पांच बजे नीट की तैयारी कर रहा नरेंद्र जामोद अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान चाइनीज मांझा उसके गले में फंस गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरेंद्र इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।




