आईएसबीटी से बसें चलीं, लेकिन तैयारी अधूरी, समय, किराया और जाम से जूझ रहे सतना के यात्री
Written by:Shatrughan singh Published:16 January 2026 at 13: 20 IST

सतना। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15 जनवरी से अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। दूसरे दिन से ही रीवा, मैहर और अमरपाटन रूट की सभी बसें नए बस स्टैंड से चलने लगी हैं, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को आरटीओ संजय श्रीवास्तव और एसडीएम राहुल सिलाडिया ने आईएसबीटी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बस संचालकों ने समय निर्धारण को लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर आरटीओ ने समन्वय बनाकर जल्द समय सारिणी तय करने का आश्वासन दिया।

यात्रियों पर बढ़ा समय और खर्च का बोझ
नए बस स्टैंड से यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि शहर से आईएसबीटी तक पहुंचने में करीब 30 मिनट अतिरिक्त समय लग रहा है, वहीं ऑटो का किराया भी 30 रुपये तक देना पड़ रहा है। इससे खासकर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। रीवा, मैहर और अमरपाटन से आने वाले यात्रियों को चित्रकूट, नादौत, मझगवां, बिरसिंहपुर और कोठी जाने के लिए पुराने बस स्टैंड तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें दोबारा साधन बदलना पड़ रहा है। यात्रियों की मांग है कि नए बस स्टैंड से ही सभी रूटों की बसों का संचालन किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक भटकना न पड़े।

मैहर बायपास बना जाम का केंद्र
आईएसबीटी से जुड़े मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी बड़ी चुनौती बन गई है। मैहर बायपास पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के चलते सड़क खुदी होने से जाम की स्थिति बन रही है। सतना–रीवा और सतना–अमरपाटन–मैहर रूट की बसों के संचालन से यह समस्या और गंभीर हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक आईएसबीटी का उद्देश्य अधूरा ही रहेगा।

15 जनवरी से तीन रूटों पर बसों का संचालन आईएसबीटी से शुरू हो चुका है। जल्द ही बस संचालकों को कार्यालय संचालन के लिए दुकानें आवंटित की जाएंगी। आगामी 15 दिनों में सभी रूटों की बसों का संचालन नए बस स्टैंड से शुरू करने का लक्ष्य है। इस संबंध में प्रशासन और बस संचालकों के बीच लगातार बातचीत चल रही है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सिटी बस (सूत्र सेवा) की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।”
— संजय श्रीवास्तव, आरटीओ, सतना
“दूसरे दिन से ही रीवा, मैहर और अमरपाटन की ओर जाने वाली एवं वहां से आने वाली सभी बसों का संचालन पूरी तरह नए बस स्टैंड से किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शुरुआती दिनों में कुछ दिक्कतें स्वाभाविक हैं, लेकिन धीरे-धीरे सभी व्यवस्थाएं सुचारु हो जाएंगी।”
— नितेश मोडिया, नोडल अधिकारी, आईएसबीटी, सतना




