कलेक्टर के आदेश हवा में, 26 जनवरी रिहर्सल में छात्राएं बेहोश, एम्बुलेंस नदारद

सतना में 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों के दौरान प्रशासनिक लापरवाही उजागर हो गई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में पीटी और परेड रिहर्सल के दौरान दो स्कूली छात्राएं बेहोश हो गईं, जबकि एक छात्र गिरकर घायल हो गया।
बेहोश हुई छात्राओं में एक एकेडमिक हाइट्स स्कूल की छात्रा शामिल है, वहीं घायल छात्र सरस्वती स्कूल, केशव नगर, धवारी का बताया गया है। गंभीर स्थिति के बावजूद मौके पर न तो एम्बुलेंस मौजूद थी और न ही कोई मेडिकल स्टाफ। मजबूरी में स्कूल स्टाफ बच्चों को निजी अस्पताल ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर हाल ही में हुई संयुक्त बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पुलिस परेड ग्राउंड में एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम की अनिवार्य तैनाती रहेगी। इसके बावजूद आदेशों की खुलेआम अवहेलना हुई।
घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर फैलने के बाद जब एम्बुलेंस भेजी गई, तब तक घायल और बीमार बच्चे इलाज के बाद घर लौट चुके थे। सवाल यह उठता है कि अगर स्थिति गंभीर होती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
बताया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड के चलते नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को सुबह 10 बजे से संचालित करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में बच्चे सुबह 10:30 बजे परेड रिहर्सल के लिए पहुंचते हैं, जब तेज धूप निकल आती है। धूप, थकान और पानी की कमी के चलते बच्चों की तबीयत बिगड़ने की आशंका पहले से थी, फिर भी कोई इंतजाम नहीं किए गए। इस पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जब सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।




