दान की बरसात से नपा का खजाना लबालब, गुप्त गोदावरी में टूटा हर रिकॉर्ड
रामदरबार मंदिर की दान पेटी बनी ‘धनपेटी’, कुल चढ़ावा 8 लाख तक पहुंचने का अनुमान

चित्रकूट धाम के पवित्र तीर्थ एवं प्रमुख पर्यटन स्थल गुप्त गोदावरी में श्रद्धालुओं की आस्था ने इस बार इतिहास रच दिया। रामदरबार मंदिर की दान पेटी खुलते ही नगर परिषद का खजाना भर गया। पहली बार एक माह में दान राशि ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अनुमान है कि रामदरबार मंदिर सहित छह दान पेटियों से कुल चढ़ावा 8 लाख रुपए तक पहुंच सकता है। गणना 20 दिसंबर से 20 जनवरी की अवधि के लिए की जा रही है। आमतौर पर दो-तीन घंटे में पूरी हो जाने वाली दान राशि की गणना इस बार 10 घंटे से अधिक समय से जारी है, जो स्वयं दान की रिकॉर्ड मात्रा को दर्शाती है।
अब तक 3.84 लाख की गिनती, सिक्कों का अंबार
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 3 लाख 84 हजार रुपए नकद की गणना पूरी हो चुकी है। इसमें 5, 10 और 20 रुपए के नोटों की संख्या सर्वाधिक है। इसके अलावा 500, 200, 100 और 50 रुपए के नोट भी बड़ी मात्रा में प्राप्त हुए हैं। साथ ही 1, 2, 5, 10 और 20 रुपए के सिक्कों का भारी भंडार मिला है। फिलहाल नोटों तथा 5, 10 व 20 रुपए के सिक्कों की गिनती पूरी कर ली गई है, जबकि 1 और 2 रुपए के सिक्कों की गिनती शेष है।
अभी पांच दान पेटियां और खुलनी बाकी
फिलहाल केवल रामदरबार मंदिर की दान पेटी खोली गई है, जबकि शेष पांच दान पेटियां अभी खोली जानी बाकी हैं। ऐसे में कुल दान राशि में और अधिक बढ़ोतरी की पूरी संभावना है।
प्रशासनिक निगरानी में पारदर्शी गणना
दान राशि की गणना नगर परिषद सीएमओ अंकित सोनी एवं नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल की निगरानी में की जा रही है। इस दौरान आरआई रामचंद्र मिश्रा सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए राजस्व विभाग व नगर परिषद के अधिकारियों की संयुक्त मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
रामदरबार मंदिर की दान पेटी सबसे आगे
गुप्त गोदावरी स्थल पर कुल छह दान पेटियां स्थापित हैं, जिनमें रामदरबार मंदिर की दान पेटी सबसे प्रमुख मानी जाती है। परंपरागत रूप से इसी पेटी से सर्वाधिक दान राशि प्राप्त होती है और इस बार भी उसी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है।




