देश
Trending

Instagram से राष्ट्रीय सम्मान: 45 सेकंड के वीडियो ने सतना की बेटी को दिलाई देशभर में पहचान

सतना की बिटिया का कमाल: 45 सेकंड के वीडियो से देशभर में पहचान, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

आज हम आपको एक ऐसी प्रेरणादायक कहानी बताने जा रहे हैं जो साबित करती है कि टैलेंट छोटे शहरों का मोहताज नहीं होता। सतना जिले की रहने वाली वंशिका पाण्डेय ने महज़ 45 सेकंड के एक वीडियो से देशभर में अपनी पहचान बना ली है। ऊर्जा संरक्षण यानी सेव एनर्जी पर आधारित उनके इस वीडियो के लिए उन्हें राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सम्मान से नवाज़ा गया

सतना। Published by: Shatrughan singh Updated Sat, 27 Dec 2025 11:09 PM IST

मध्य प्रदेश के सतना जैसे छोटे जिले से निकलकर देशभर में पहचान बनाने वाली वंशिका पाण्डेय ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऊर्जा संरक्षण पर आधारित मात्र 45 सेकंड के एक वीडियो के माध्यम से वंशिका को एनर्जी कंजर्वेशन प्रोफेशनल्स एवं इन्फ्लुएंसर्स श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है।

यह सम्मान 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

सतना से पुणे और फिर राष्ट्रीय पहचान तक का सफर

सतना से हायर सेकेंडरी शिक्षा प्राप्त करने के बाद वंशिका ने पुणे के एमआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के दौरान ही उन्होंने शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े विषयों पर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना शुरू किया और धीरे-धीरे एक सफल डिजिटल कंटेंट क्रिएटर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पहचान बनाई।

ऊर्जा संरक्षण पर कहानी आधारित वीडियो बना पहचान की वजह

ऊर्जा संरक्षण और ‘सेव एनर्जी’ विषय पर वंशिका द्वारा तैयार किया गया 45 सेकंड का कहानी आधारित वीडियो निर्णायक साबित हुआ। वीडियो में उन्होंने यह दर्शाया कि यदि भविष्य में बिजली समाप्त हो जाए तो जीवन कैसा होगा। अंत में इसे एक सपना बताया गया, जो आगे चलकर सच्चाई भी बन सकता है। इस प्रभावशाली प्रस्तुति ने निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

2000 में से चुना गया वीडियो

वंशिका ने बताया कि वह ‘CodeCrushank’ नाम से अपना इंस्टाग्राम पेज संचालित करती हैं, जिस पर शिक्षा और तकनीक से जुड़े वीडियो साझा किए जाते हैं। उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसी प्रभाव के चलते प्रसारण मंत्रालय की ओर से उन्हें बतौर कंटेंट क्रिएटर संपर्क किया गया। नवंबर माह से शुरू हुई चयन प्रक्रिया में देशभर से आए करीब 2000 प्रतिभागियों में से वंशिका के वीडियो का चयन किया गया।

परिवार और वर्तमान कार्य

वंशिका के पिता संजय पाण्डेय शासकीय विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता राखी पाण्डेय गृहिणी हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वंशिका वर्तमान में जेपी मॉर्गन कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में कार्यरत हैं।

एनईसीए की नई पहल

वर्ष 2025 में पहली बार नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन अवॉर्ड (NECA) में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की श्रेणी जोड़ी गई। इसका उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के जरिए ऊर्जा संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले रचनाकारों को सम्मानित करना है। वंशिका पाण्डेय ने इस नई श्रेणी में अपनी प्रतिभा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Related Articles

Back to top button
Close