सतना मेडिकल कालेज में इसी सत्र से शुरू हो सकता है प्रवेश

भोपाल- सतना में सरकारी मेडिकल कालेज इसी साल (2023-24 का सत्र) से शुरू होने की उम्मीद है। कालेज का भवन बनकर तैयार हो गया है। एमबीबीएस की 150 सीटों पर प्रवेश के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) को आवेदन कर दिया है। मार्च-अप्रैल में एनएमसी की टीम निरीक्षण के लिए आएगी।
सब कुछ मापदंड के अनुसार मिला तो मान्यता मिल जाएगी। अभी प्रदेश में 13 मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस की 2180 सीटें हैं। सतना में कालेज से शुरू होने से सबसे ज्यादा लाभ यह होगा कि रीवा के एसएस मेडिकल कालेज से संबद्ध अस्पताल में मरीजों का दबाव कम हो जाएगा।
अभी छतरपुर, पन्ना, सतना, सीधी, सिंगरौली तक के मरीज यहां आते हैं। मरीजों की संख्या के लिहाज से संसाधन नहीं होने से दिक्कत होती है। सतना में कालेज शुरू होने से वहां के अलावा पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ और चित्रकूट के मरीजों को सुविधा हो जाएगी। कालेज शुरू करने के लिए ज्यादातर तैयारी हो चुकी है। मौजूदा जिला अस्पताल को ही कालेज का अस्पताल बनाया जाएगा। अब सबसे बड़ी चुनौती चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती को लेकर है। इनमें भी खासतौर पर प्राध्यापक के पद भरने में मुश्किल आएगी।




