Uncategorized

सतना में सीजन का सबसे ठंडा दिन, न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री पर पहुंचा

घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, पाले को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी

सतना। जिले में ठंड ने इस सीजन का अब तक का सबसे कड़ा असर दिखाया। मंगलवार को सतना का न्यूनतम तापमान एक ही दिन में 4.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 5.2 डिग्री पर पहुंच गया, जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री की बढ़त के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह 4 से 9 बजे तक घना कोहरा
मंगलवार सुबह 4 बजे से 9 बजे तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हवा में नमी 94 प्रतिशत और शाम को 47 प्रतिशत दर्ज की गई।


कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में कहीं घना तो कहीं मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है। ठंड और कोहरे के चलते सुबह और देर रात विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चित्रकूट रहा प्रदेश में चौथे स्थान पर
सबसे कम अधिकतम तापमान के मामले में धर्मनगरी चित्रकूट मंगलवार को प्रदेश में चौथे स्थान पर रही। यहां अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह
ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासतौर पर हृदय रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह-शाम ठंड से बचाव और गर्म कपड़ों के उपयोग पर जोर दिया गया है।
पाले की आशंका से किसान चिंतित
न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट लगातार बनी रही, तो दलहन, तिलहन और सब्जी फसलों में पाला पड़ने की आशंका है।
वर्तमान में खेतों में गेहूं, चना, मसूर और सरसों की फसल लगी हुई है, जिन्हें ठंड से नुकसान पहुंच सकता है।

Related Articles

Back to top button
Close