6 अधिकारियों का 7 दिन का वेतन कटेगा, 22 को नोटिस, सतना कलेक्टर की सख्त प्रशासनिक कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त

सतना।सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण न होने पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के पांच अधिकारियों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जिला लेखा प्रबंधक का सात दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कुल 22 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई गुरुवार को आयोजित सीएम हेल्पलाइन की वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान की गई। समीक्षा में शिकायतों के निराकरण की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने यह कदम उठाया।
इन अधिकारियों का कटेगा वेतन
जिन अधिकारियों का सात दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं, उनमें— जनपद पंचायत रामपुर के खंड अधिकारी महेश शर्मा,
जनपद पंचायत मझगवां के खंड अधिकारी छोटेलाल शुक्ला, जनपद पंचायत उचेहरा के खंड अधिकारी रजनीश जैसवाल, जनपद पंचायत मझगवां के प्रधानमंत्री आवास योजना समन्वयक विजय जायसवाल, जनपद पंचायत नागौद के कृष्ण कुमार सिंह, तथा एनएचएम के जिला लेखा प्रबंधक सुभाष चंदेल शामिल हैं।
22 अधिकारियों को जारी हुए नोटिस
कलेक्टर द्वारा जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें— सर्व शिक्षा अभियान के डीपीसी, नागौद, उचेहरा, रामपुर, कोटर और बिरसिंहपुर के तहसीलदार, पीएचई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री शामिल हैं। इसके अतिरिक्त— पीएचई विभाग के सोहावल, मझगवां, नागौद, उचेहरा, रामपुर और सतना के सहायक यंत्री, नगर निगम के उपयंत्री विद्यानिवास बागरी एवं सहायक यंत्री मनीष वर्मा,
तथा ऊर्जा विभाग के विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ यंत्री नवीन कुमार निगम, हेमराज सेन, अनिल कुमार गर्ग, प्रभाकर सिंह, प्रवीण वर्मा और अनुराग पाण्डेय को भी नोटिस जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा आगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।




